Saturday, March 20, 2021

अनुकरण और नकल

अनुकरण और संस्कृति
किसी भी संस्कृति का निर्माण उस देश की जाति और धर्म के द्वारा होती है। संस्कृति के मूल उपादान तो प्रायः सभी सुसंस्कृत और सभ्य देशों में एक सीमा तक एक समान ही रहते हैं। किंतु बाह्य उपादानों में यह अंतर अवश्य देखा जाता है, राष्ट्रीय या जातीय संस्कृति का सबसे बड़ा योगदान यही है कि वह हमें अपने राष्ट्र की परंपरा से जोड़ती है। अपनी रीति-नीति और संपदा से कभी भी अलग नहीं होने देती। भारतीय संस्कृति इस प्रकार की एक सनातन धर्म संस्कृति है जिसका पार पाना विश्व के किसी भी कोने में सहज नहीं है।
आज के युग में राष्ट्रीय एवं जातीय संस्कृतियों के लिए आपसी मिलन के अवसर अत्यंत सुलभ हो गए हैं। इस तरह से संस्कृतियों का आपस में एक अदृश्य संघर्ष भी शुरू हो गया है। कुछ ऐसे विदेशी प्रभाव हमारे देश और समाज में पड़ रहे हैं, जिनके आतंक ने हमें अपनी संस्कृति के प्रति भयावह रूप से शंकालु बना दिया है। कभी-कभी तो यह देखने को मिलता है कि हमारी आस्था ही अपनी संस्कृति के प्रति डिगने लगी है। यह हमारी वैचारिक दुर्बलता का प्रति परिणाम है। जब हम अपनी संस्कृति के महत्व को बिना जाने किसी अन्य राष्ट्र की संस्कृति के प्रभाव में आ जाने के कारण या विदेशी संस्कृति के विवेक हीन अनुकरण द्वारा अपने राष्ट्रीय गौरव को ठेस पहुंचाने लगते हैं। यह भ्रम हो जाता है कि हम बड़े विवेकवान हैं।
हालांकि देखा जाए तो भारतीय संस्कृति में त्याग और ग्रहण की अद्भुत क्षमता है। सर्वस्व त्याग देने वाले श्रीराम यहीं हैं, अपनी क्षमता के बल पर उसे ग्रहण कर लेना भी हमें भारतीय संस्कृति में देखने को मिलता है। आज जब भारतीय संस्कृति वैज्ञानिक युग में अपनी जीवंतता को चरितार्थ कर चुकी है। बहुत से लोगों द्वारा विदेशी संस्कृतियों के आडंबर से इस पर कुठाराघात होता रहता है। कई लोग इसके शिकार भी हो जाते हैं। बहुधा जो अधकचरे होते हैं वह अपनी संस्कृति का प्रतिकार करके स्वाभिमान महसूस करते हैं। यह किसी भी राष्ट्र के गौरव की बात नहीं हो सकती। एक राष्ट्रवादी व्यक्तित्व पहले पूर्णतया अपनी संस्कृति देश काल परिस्थिति का खुली आंखों से अवलोकन करता है तदुपरांत ही वह किसी अन्य अच्छी चीज को ग्रहण करता है।
यह सच है कि आज के वैज्ञानिक युग में हम किसी भी विदेशी संस्कृति के जीवंत तत्वों को ग्रहण करने में पीछे तो नहीं रहना चाहेंगे, किंतु अपनी सांस्कृतिक निधि की उपेक्षा करके या उसको दांव पर लगाकर तो कतई नहीं। यह परनिर्भरता एक राष्ट्र की गरिमा के अनुरूप नहीं होती। हमें यह भी स्मरण रखना चाहिए कि कोई भी पौधा सूर्य की रोशनी के अलावा अपनी जमीन और जड़ों के बिना जीवित नहीं रह सकता। यद्यपि उसे जीवन शक्ति सूर्य की किरणों से मिलती है। इसी तरह से हम परसंस्कृति पर निर्भर होकर अविवेकी अनुकरण और अज्ञानता का ही परिचय दे रहे होते हैं।
सांस्कृतिक कुठाराघात का कुटिल चरित्र हमने ब्रिटिश कंपनियों से भी देखा। उन्होंने जिस प्रकार से अपनी भाषा द्वारा हमें आज तक गिरवी बनाए रखा। हमारे लिए पंगु बन जाने के करीब है। जब भारतीय संस्कृति अपनी देववाणी भाषा द्वारा लोगों को प्रबुद्ध व पूर्ण बनाए रखती थी, अंग्रेजों से देखा नहीं गया। उन्होंने इतने प्रतिभाशाली लोगों को कैसे वश में किया जाए यह उपाय अपनी भाषा द्वारा हमारी संस्कृति पर कुठाराघात करके किया। आज देश की आजादी के 75 साल होने को है लेकिन हम उस पर जन्मे भाषा और संस्कृति से उबर नहीं पाए। हम सोच भी नहीं पाते की हमें अपनी देवनागरी भाषा संस्कृत के द्वारा पाठ पारायण करना चाहिए। अपने बच्चों, अपनी आने वाली नस्लों को सुसंस्कृत बनाना चाहिए। अंग्रेजी ना आना हीनता महसूस करा देती है परंतु हिंदी लाना गौरव की बात महसूस होती है यह मौलिक संस्कार या अपनी संस्कृति से उपस्थित होने के कारण है। विदेशी ताकतें अपना पूरा जोर लगाए रहती हैं। हम गर्व महसूस करते हैं की हम पाश्चात्य संस्कृति से पुष्ट हैं। यह अज्ञानता नहीं तो और क्या है? एक बार हम सहृदय होकर सोचे, आत्मसम्मान को जगाए, आत्म-संस्कृति से परिचित हो। तो संभवतः हम और हमारा राष्ट्र प्रेम अपनी पूर्णता को प्राप्त कर सकता है। किसी देश की संस्कृति ही उसे गौरवशाली बनाती है परजीवी होने से बेहतर है आत्मनिर्भर होना। आत्मनिर्भर व्यक्ति, समाज और राष्ट्र सदैव आदरणीय होता है। आइए अपनी संस्कृति पर गर्व करें और उसका विस्तार करें।
पंडित राकेश मालवीय मुस्कान

Saturday, September 14, 2019

हिन्दी पर रार क्यों?

भाषा का कोई द्वन्द्व नहीं है यह तो बहता नीर।
संप्रेषण की कुशल तरंगिणी, फिर क्यों मन में पीर।।
हिन्दी से अपराध ये कैसा, देवनागरी भाषा।
बने राष्ट्र की मौलिक भाषा, यह मन की अभिलाषा।।
राजनीति की काली चूनर, भाषा के क्यों ऊपर।
अंग्रेजी का छद्म उपद्रव, बीते वर्ष बहत्तर।।
कई बार की मीटिंग में भी, बनी न राष्ट्र की वाणी।
हिन्दी तो जन जन की भाषा, और देश की रानी।।
राष्ट्र का ध्वज है, राष्ट्र की गरिमा राष्ट्र की आन बान।
हिन्दी तो वाणी की वाणी, हिन्दी देश की शान।।
राकेश इसको नमन हैं करते, हिन्दी के उन्नायक।
हिन्दी से ही ताकत अपनी, हिन्दी में जननायक।।
आज नहीं तो कुछ वर्षों में, हिन्दी धनी मनी होगी।
देवनागरी लिपि है जिसकी, राष्ट्रभाषा बनी वही होगी।।
राकेश की अच्छी उम्मीदे, लम्बी रेस लगाएँ।
हिन्दी प्रेमी को नमस्कार है, सब मिल साथ में गाएँ।।
हिन्दी में वर्णों की संख्या, पूरी बावन  होती।
छब्बिस वर्णो की संख्या लेकर, अंग्रेजी हमको ढोती।।
हिन्दुस्तान सिरमौर जगत का, हिन्दी है पहचान।
देवतुल्य भावों में भरकर, देती ज्ञान महान।।
राकेश नमन हृदय से करते, ईश का कर सम्मान।
संस्कृत है जिसकी जननी, भाषा वही मान यशगान।।
पंडित राकेश मालवीय मुस्कान

Wednesday, July 10, 2019

जल संरक्षण

जल संकट पर मेरी राय
================
जल संकट आजकल प्रमुख मुद्दा है। लोग कहते हैं की तीसरा विश्वयुद्ध पानी के लिए होगा। हालांकि इस समय वर्षा का पानी बहुत अधिक मात्रा में है। हम तमाम  तरह की मूर्तियां बनवा रहे हैं। करोड़ों, अरबों रुपये खर्च हो रहे हैं।यदि हम करोड़ों रुपए तालाब या बावड़िया बनवाने में लगा देते जल संग्रह प्रचुर मात्रा में हो जाता। हमारा जल संकट भी काफी कम हो जाता। हम पानी को नदियों और नालों के माध्यम से समुद्र में पुनः न डालें बल्कि उसकी संरक्षा करें। जिससे हमारे समुदाय के लोगों की प्यास भी बुझ सके। मेरे ख्याल से जल संग्रहण एक अच्छा उपाय होगा। हम जल संकट से बच भी सकते हैं और प्रकृति के द्वारा जल बचा भी सकते हैं। इस तरह जल संग्रह संभव हो सकता है। यदि मन में सत्य निष्ठा के साथ भावना जागृत हो। इसमें न केवल सरकार बल्कि प्राइवेट संस्थाएं भी अपना योगदान दे सकती हैं। अन्यथा बोतलों में बंद पानी भी सिमट जाएगा और तब तो निश्चित ही जल के लिए विश्व युद्ध हो सकता है। इसे कोई रोक भी ना पाएगा क्योंकि जल ही जीवन है। हमारे पुराने कवि रहीमदास ने कहा भी है---
रहिमन पानी राखिए बिन पानी सब सून।
पानी गए न ऊबरे मोती मानुष चून ।।
आओ हम सब मिलकर प्रकृति द्वारा प्रदत्त जल का संग्रहण करें और अपनी तथा अपने धरती की प्यास बुझाए। अन्यथा हम चाह कर भी सुरक्षित न रह पाएंगे क्यों कि जल ही जीवन है।
पंडित राकेश मालवीय

Saturday, May 25, 2019

शिक्षा सुधार

शिक्षा में बहुत सारी खामियां हैं। इन्हें हम कुछ परिवर्तन के साथ पूर्णतया सुधार सकते हैं। जैसे बच्चों में पढ़ने की प्रवृत्ति, बच्चों को पढ़ने के लिए कुछ पुरस्कार वगैरह भी जरूरी हो जाते हैं। विषय रोचक होने चाहिए। अध्यापक नीरस व निराश नहीं होना चाहिए। शुरू से ही रोचक विषयों को काव्यात्मक ढंग से  पढ़ाने से  बच्चे  आजीवन याद रखते हैं। अध्यापन कार्य कहानी, चित्र कथा,  वीडियो की व्याख्या करते हुए भी बताया जा सकता है। अध्यापन का मूल मंत्र बच्चों में एकाग्रता पैदा करना अनिवार्य होता है। यह अध्यापक विशेष की व्यक्तिगत प्रवृत्ति हो सकती है। बच्चे पूर्ण रूप से शिक्षित और सुसंस्कार बने इसके लिए प्रारंभिक कक्षाओं से संस्कृत का अनिवार्य होना आवश्यक है। बच्चों को नीतिपरक दोहे,  श्लोक तथा सुभाषितानि याद कराना चाहिए और आचरण में लाने के लिए वातावरण प्रदान करना चाहिए। यदि हम बच्चे से अपेक्षा करते हैं कि वह झूठ ना बोले तो हमें झूठ ना बोल कर एक मिसाल पैदा करनी चाहिए; क्योंकि यदि हम कहें कि सदा सत्य बोलो और स्वयं झूठ के सहारे चलें तो प्रभाव कारी नहीं हो सकती। अतः शिक्षक स्वयं आचरणवान तथा संस्कार से पूर्ण होना चाहिए। शिक्षा समितियों को अध्यापन के लिए अध्यापक चुनाव में इन बातों का गंभीरता से ध्यान रखना चाहिए। सामाजिक तौर पर हम अर्थ प्रवृति के कारण संस्कारों को भूलते जा रहे  हैं जो सामाजिक विघटन का महत्वपूर्ण कारण है। मेरे अनुसार भारत देश में संस्कृत भाषा तथा हमारे पूर्वज नामक पुस्तक को जरूर चलाना चाहिए। शिक्षा पद्धति संपूर्ण देश में एक समान होनी चाहिए। उसमें नैतिक शिक्षा पर प्रचुर मात्रा में बल देना चाहिए। यदि बच्चे में स्वयं सीखने की आदत डाल दी जाए तो हमारा प्रयास सफल और आसान हो जाएगा। इसके लिए सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता है। साफ-सफाई, पर्यावरण,  रहन-सहन सब में आमूलचूल परिवर्तन जरूरी है। लोगों को अपने कर्म के प्रति सजगता और सावधानी व जागरूकता आवश्यक है। तभी हमारा मिशन शिक्षा में नई पद्धति के अनुसार देश को शिक्षित बनाना पूर्ण हो पाएगा।
धन्यवाद

Monday, February 18, 2019

पुलवामा संहार

चौदह फरवरी को जिस तरह से पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकवादियों ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरफीएफ के जवानों पर पीठ पीछे का कायराना हमला किया वह बहुत ज्यादा हृदय विदारक रहा। देश में उबाल है। चैनल और सोशल मीडिया में ज्यादा से ज्यादा विचारों का ज्वार आ गया। मानवता को शर्मसार करने वाला हमला हर भारतवासी को आंदोलित कर रहा है। सभी पाकिस्तान को नेस्तनाबूद कर देने की तमन्नाओं से भरे हैं। मीडिया लगातार शहीद और उनके परिवार के मनोभावों से अवगत करा रहा है। परिवार के आँसुओं में देश भक्त देशवासियों के आँसू मिल गये हैं। सभी का करेगा मुँह को आ रहा है। सभी की आशाएँ पाकिस्तान से बदला लेना है।
प्रधानमंत्री जी भी जनभावनाओं के साथ उद्वेलित व उद्विग्न हैं। वह भी वहीं चाहते हैं जो देशवासी चाहते हैं। परंतु पद और राष्ट्र प्रमुख होने की बाधाएँ और बड़ी जिम्मेदारियां भी हैं। चाहकर भी तुरंत वह न कर पाना जो चाहत है। पर मानवीय भावों पर वह हमसे अलग नहीं हैं। राष्ट्रीय रूप से जब कोई कदम उठाना होता है तो न तो परिणाम से पहले उसकी जानकारी साझा की जा सकती है और न ही बिना विचारे भिड़ा जा सकता है। अतः मीडिया जिम्मेदार भूमिका अदा करें और समझें कि इस समय क्या जरूरी है। आज आतंकवादी कार्रवाई में हालाँकि तीन आतंकवादी मारे गये परंतु साथ ही हमारा एक मेजर और तीन जवान फिर शहीद हो गये। दरअसल पाकिस्तान के छद्म और पाखंड़ी युद्ध में हमारे बीच के जयचंद बहुत बड़ा रोल निभा रहे हैं। ऐसे में शत्रु का मुकाबला बहुत दुष्कर व दुरूह हो जाता है।
यह तो तय है कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री पाकिस्तान की ईंट से ईंट बजाय बिना चैन से सोने वाले नहीं हैं फिर भी यह सब काल के गर्भ में छिपा है और इसे छिपा रहने दिया जाय तो अच्छा है। कहते हैं गरम गरम भात खाने से जीभ जल जाती है और स्वाद भी नहीं आता। इसलिए संजीदा देशप्रेमियों धैर्य और विवेक के साथ प्रधानमंत्री को काम करने का अवसर दो। तभी हमें निश्चित सफलता मिलेगी की और कायर से मर्दाना बदला भी पूरा होगा।
पंडित राकेश मालवीय

Saturday, December 22, 2018

विकास और विनाश

शहर से लेकर हाईवे की सड़कें मंत्रमुग्ध करने लगी है। कारें और गतिमान वाहन बड़ी शान से दौड़ने लगे हैं। बड़े लोग भी बड़ी शान से तेज गाड़ी का लुत्फ उठाते हैं। और इसे विकास का एक बड़ा पहलू मानते हैं। सचमुच तमाम दलीलें साबित भी करती है कि विकास दिख रहा है। विकास की सबकी अपनी परिभाषा है। सबकी सोच है, पर मेरा मन निगोड़ा आज भी इन सड़क निर्माण के नीचे कुर्बान हुए तमाम जीवनदायी वृक्षों के लिए जार जार रो रहा है। करीब पच्चीस किलोमीटर की मेरी दैनिक यात्रा की राह में तीन चार सौ पीपल, नीम, आम, महुआ, कैथा, जामुन और अमरूद जैसे वृक्षों के काटने का काम किया गया। कारण इन वृक्षों का अपराध चौड़ी होती सड़क के बगल में खड़ा होना। तमाम दया और कानून ने जिन पेड़ों का संरक्षण अभी तक किया। उन्हें उनकी उम्र और सेवाओं को देखे बिना विकास रूपी राक्षस ने बेरहमी से काटा। उनका खून बहता रहा पर किसी को दया नहीं आई। कानून ने भी विकास का खूब साथ निभाया।
आने वाली पीढ़ी इस विकास के साथ कैसे जियेगी? जब उसे सांस लेने के लिए ऑक्सीजन न मिलेगी। कथन याद आता है "एक वृक्ष दस पुत्र समान"। यह सरकारी नारा था। सभी वृक्षों की हत्या करके विकास बलबलाया है। सब कुछ बहुत सुंदर लग रहा है। परंतु कब तक? पानी तो पीने के लिए दुर्लभ हो रहा है हवा भी प्रदूषित। अब शायद पर्यावरण दिवस पर मसाला काफी हो जायगा। जे सी बसु साहब ने बताया था पेड़ पौधों में जीवन होता है। और जीवन हत्या के लिए आईपीसी की धारा में 302 का केस चलता है। पर शायद ऐसे बड़े कामों में शहादत की जरूरत होती ही है। यही तो है विकास बनाम विनाश।
पंडित राकेश मालवीय

Friday, November 16, 2018

क्या होंगे चुनावों के परिणाम

चुनावों का दौर शुरू है। तमाम पार्टियां अपने को जनता का सबसे बढ़िया हितैषी साबित करने पर अड़ी हैं। इस कारण वे आपस में एक दूसरे के लिए कितने कटु वाक्युद्ध कर जाते हैं भगवान बचाए। जहाँ सत्तर साल बाद सत्ता में आकर जनता में नवीनता का विकास सुख देने के वादे। वहीं दूसरी ओर विगत में हुई लूटपाट और गलतियों के लिए माफी माँग कर पुनः सत्ता सुख प्राप्त करने का उन्माद या जुनून जोर पकड़े है। कौन कितना जन हितकारी है मीडिया की लीपापोती में जनता समझ ही नहीं पाती। हाँ इतना जरूर है कि आज दौर बदल गया है। अब लोग आँख बंद करके किसी पर विश्वास नहीं करते। इसीलिए तो इतना मेहनत करने वाली मीडिया का एक्सिट पोल भी नकारा साबित हो जाता है।
लेकिन तात्कालिक लाभ के लिए राजनेताओं का जनता में भेदभाव पैदा करना और वैमनस्यता का जहर बोते जाना शायद उचित नहीं है। परंतु इस लोकतंत्र की जमीन पर राजनीति की फसल बढ़े भी तो कैसे? कोई कहता है कि राजनीति का कितना पतन हो गया है तो हम सोच में पड़ जाते हैं। ऐसी कोई बात नहीं है क्योंकि यह भी सच है कि जो जीता वही सिकंदर। राजनीति करना कोई दूध भात खाना नहीं है। बड़ी कंटीली जमीन है यह। पर बेचारी निरीह जनता तो स्वाती नक्षत्र की बूँद रूपी उन्नति में साल दर साल जीवन को कुर्बान करती रहती है। 'आशा लागि रहत तन स्वासा।' या आशा ही जीवन है।
इतने दिन बाद भी और भाषण में इतने हितैषी नेता भी उसका कुछ भला नहीं कर पाए। शायद यह बिचारी निरीह जनता की नियति ही यही है कि वह सारी जिंदगी कमाए और टैक्स की मोटी गड्डी भुगतान करती रहे। और ये नेता उनको उन्नति का लालीपाप दिखाते रहे।
सब ठीक है परंतु जनता के बीच ऐसा जहर तो न बोए जिसका इलाज ही न हो सके। हम हिन्दुस्तानी सदियों से कष्ट भोगने के आदी हैं। अंग्रेजों के दिये मंत्र बांटो और राज करो से बहुत नुकसान हो चुका है।
चुनाव जीतने के लिए सबको शुभकामनाएँ परंतु मतदाता का खयाल रखें।
राकेश मालवीय