Monday, February 18, 2019

पुलवामा संहार

चौदह फरवरी को जिस तरह से पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकवादियों ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरफीएफ के जवानों पर पीठ पीछे का कायराना हमला किया वह बहुत ज्यादा हृदय विदारक रहा। देश में उबाल है। चैनल और सोशल मीडिया में ज्यादा से ज्यादा विचारों का ज्वार आ गया। मानवता को शर्मसार करने वाला हमला हर भारतवासी को आंदोलित कर रहा है। सभी पाकिस्तान को नेस्तनाबूद कर देने की तमन्नाओं से भरे हैं। मीडिया लगातार शहीद और उनके परिवार के मनोभावों से अवगत करा रहा है। परिवार के आँसुओं में देश भक्त देशवासियों के आँसू मिल गये हैं। सभी का करेगा मुँह को आ रहा है। सभी की आशाएँ पाकिस्तान से बदला लेना है।
प्रधानमंत्री जी भी जनभावनाओं के साथ उद्वेलित व उद्विग्न हैं। वह भी वहीं चाहते हैं जो देशवासी चाहते हैं। परंतु पद और राष्ट्र प्रमुख होने की बाधाएँ और बड़ी जिम्मेदारियां भी हैं। चाहकर भी तुरंत वह न कर पाना जो चाहत है। पर मानवीय भावों पर वह हमसे अलग नहीं हैं। राष्ट्रीय रूप से जब कोई कदम उठाना होता है तो न तो परिणाम से पहले उसकी जानकारी साझा की जा सकती है और न ही बिना विचारे भिड़ा जा सकता है। अतः मीडिया जिम्मेदार भूमिका अदा करें और समझें कि इस समय क्या जरूरी है। आज आतंकवादी कार्रवाई में हालाँकि तीन आतंकवादी मारे गये परंतु साथ ही हमारा एक मेजर और तीन जवान फिर शहीद हो गये। दरअसल पाकिस्तान के छद्म और पाखंड़ी युद्ध में हमारे बीच के जयचंद बहुत बड़ा रोल निभा रहे हैं। ऐसे में शत्रु का मुकाबला बहुत दुष्कर व दुरूह हो जाता है।
यह तो तय है कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री पाकिस्तान की ईंट से ईंट बजाय बिना चैन से सोने वाले नहीं हैं फिर भी यह सब काल के गर्भ में छिपा है और इसे छिपा रहने दिया जाय तो अच्छा है। कहते हैं गरम गरम भात खाने से जीभ जल जाती है और स्वाद भी नहीं आता। इसलिए संजीदा देशप्रेमियों धैर्य और विवेक के साथ प्रधानमंत्री को काम करने का अवसर दो। तभी हमें निश्चित सफलता मिलेगी की और कायर से मर्दाना बदला भी पूरा होगा।
पंडित राकेश मालवीय

Saturday, December 22, 2018

विकास और विनाश

शहर से लेकर हाईवे की सड़कें मंत्रमुग्ध करने लगी है। कारें और गतिमान वाहन बड़ी शान से दौड़ने लगे हैं। बड़े लोग भी बड़ी शान से तेज गाड़ी का लुत्फ उठाते हैं। और इसे विकास का एक बड़ा पहलू मानते हैं। सचमुच तमाम दलीलें साबित भी करती है कि विकास दिख रहा है। विकास की सबकी अपनी परिभाषा है। सबकी सोच है, पर मेरा मन निगोड़ा आज भी इन सड़क निर्माण के नीचे कुर्बान हुए तमाम जीवनदायी वृक्षों के लिए जार जार रो रहा है। करीब पच्चीस किलोमीटर की मेरी दैनिक यात्रा की राह में तीन चार सौ पीपल, नीम, आम, महुआ, कैथा, जामुन और अमरूद जैसे वृक्षों के काटने का काम किया गया। कारण इन वृक्षों का अपराध चौड़ी होती सड़क के बगल में खड़ा होना। तमाम दया और कानून ने जिन पेड़ों का संरक्षण अभी तक किया। उन्हें उनकी उम्र और सेवाओं को देखे बिना विकास रूपी राक्षस ने बेरहमी से काटा। उनका खून बहता रहा पर किसी को दया नहीं आई। कानून ने भी विकास का खूब साथ निभाया।
आने वाली पीढ़ी इस विकास के साथ कैसे जियेगी? जब उसे सांस लेने के लिए ऑक्सीजन न मिलेगी। कथन याद आता है "एक वृक्ष दस पुत्र समान"। यह सरकारी नारा था। सभी वृक्षों की हत्या करके विकास बलबलाया है। सब कुछ बहुत सुंदर लग रहा है। परंतु कब तक? पानी तो पीने के लिए दुर्लभ हो रहा है हवा भी प्रदूषित। अब शायद पर्यावरण दिवस पर मसाला काफी हो जायगा। जे सी बसु साहब ने बताया था पेड़ पौधों में जीवन होता है। और जीवन हत्या के लिए आईपीसी की धारा में 302 का केस चलता है। पर शायद ऐसे बड़े कामों में शहादत की जरूरत होती ही है। यही तो है विकास बनाम विनाश।
पंडित राकेश मालवीय

Friday, November 16, 2018

क्या होंगे चुनावों के परिणाम

चुनावों का दौर शुरू है। तमाम पार्टियां अपने को जनता का सबसे बढ़िया हितैषी साबित करने पर अड़ी हैं। इस कारण वे आपस में एक दूसरे के लिए कितने कटु वाक्युद्ध कर जाते हैं भगवान बचाए। जहाँ सत्तर साल बाद सत्ता में आकर जनता में नवीनता का विकास सुख देने के वादे। वहीं दूसरी ओर विगत में हुई लूटपाट और गलतियों के लिए माफी माँग कर पुनः सत्ता सुख प्राप्त करने का उन्माद या जुनून जोर पकड़े है। कौन कितना जन हितकारी है मीडिया की लीपापोती में जनता समझ ही नहीं पाती। हाँ इतना जरूर है कि आज दौर बदल गया है। अब लोग आँख बंद करके किसी पर विश्वास नहीं करते। इसीलिए तो इतना मेहनत करने वाली मीडिया का एक्सिट पोल भी नकारा साबित हो जाता है।
लेकिन तात्कालिक लाभ के लिए राजनेताओं का जनता में भेदभाव पैदा करना और वैमनस्यता का जहर बोते जाना शायद उचित नहीं है। परंतु इस लोकतंत्र की जमीन पर राजनीति की फसल बढ़े भी तो कैसे? कोई कहता है कि राजनीति का कितना पतन हो गया है तो हम सोच में पड़ जाते हैं। ऐसी कोई बात नहीं है क्योंकि यह भी सच है कि जो जीता वही सिकंदर। राजनीति करना कोई दूध भात खाना नहीं है। बड़ी कंटीली जमीन है यह। पर बेचारी निरीह जनता तो स्वाती नक्षत्र की बूँद रूपी उन्नति में साल दर साल जीवन को कुर्बान करती रहती है। 'आशा लागि रहत तन स्वासा।' या आशा ही जीवन है।
इतने दिन बाद भी और भाषण में इतने हितैषी नेता भी उसका कुछ भला नहीं कर पाए। शायद यह बिचारी निरीह जनता की नियति ही यही है कि वह सारी जिंदगी कमाए और टैक्स की मोटी गड्डी भुगतान करती रहे। और ये नेता उनको उन्नति का लालीपाप दिखाते रहे।
सब ठीक है परंतु जनता के बीच ऐसा जहर तो न बोए जिसका इलाज ही न हो सके। हम हिन्दुस्तानी सदियों से कष्ट भोगने के आदी हैं। अंग्रेजों के दिये मंत्र बांटो और राज करो से बहुत नुकसान हो चुका है।
चुनाव जीतने के लिए सबको शुभकामनाएँ परंतु मतदाता का खयाल रखें।
राकेश मालवीय

Tuesday, November 13, 2018

पंड़ित जवाहरलाल नेहरू

काल और परिस्थिति कब क्या कर जाये कुछ कहा नहीं जा सकता। इसीलिए कहा जाता है कि आदमी नहीं समय बलवान होता है।
एक समय था जब पंड़ित जवाहरलाल नेहरू की तूती बोलती थी। देश के नवनिर्माता कहे जाते थे। कल उनकी जयंती है। बाल दिवस के रूप में हमेशा मनाई गई। परंतु आज का समय और है। देश के प्रधानमंत्री दूसरी पार्टी के हैं और वह कांग्रेस से तथा उनके लोगों से सरोकार नहीं रखना चाहते। इसीलिए जब भी इंदिरा गाँधी या जवाहरलाल नेहरू की जयंती होती है तो वह देश से पलायन कर जाते हैं। व्यक्ति नहीं, पार्टी नहीं वरन् उस पद के नाते उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करना देश के प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी है।
नेहरू जी करीब सोलह वर्ष से ऊपर देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। मन से या बेमन से देश को दिशा दी है। आज उनके कार्यों को पूरी तरह नकार देना भलमनसाहत नहीं है। और यह परम्परा न तो देश हित की है और न ही व्यक्ति हित की। वरन यह एक आदर्श परम्परा के लिए कुठाराघात है। राष्ट्र धर्म के नवजागरण को जिन्दा करने वाले लोग ऐसा कैसे कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने तो उन्हें भी उच्च स्थान दिलाया जो उन दिनों उपेक्षित थे। फिर वह सहज स्वाभाविक वृत्ति क्यों भूल बैठे। जो वसुधैव कुटुम्बकम् को मानने वाले हैं वह अपने ही परिवार के साथ इतनी नफरत कैसे कर सकते हैं।
नेहरू जी ने परिस्थितियों पर राज किया है। यह सच है। आपने इसका आइना सबको दिखाया भी। नेहरू की उपेक्षा नहीं समालोचना होनी चाहिए। क्योंकि समय एक सा नहीं रहता। और समय की गति कोई नहीं समझ पाया। लोकतंत्र में सब समय एक सा हो भी नहीं सकता। समय और जनमत का कोई भरोसा नहीं। मैं नहीं चाहता समय की गर्द में किसी को पूरी तरह दबा दिया जाय।
वर्तमान प्रधानमंत्री दिल से देश का विकास कर रहे हैं। कल उनकी भी उपेक्षा हो। यह ठीक नहीं होगा। अतः कुछ मामलों पार्टी से ऊपर उठकर सोचना व करना चाहिए।
देश के सच्चे नागरिक होने के नाते देश के प्रथम प्रधानमंत्री को विनम्र श्रद्धाञ्जलि और बालदिवस की बधाई।

Sunday, November 11, 2018

बदलती सोच और इनके अंतर

एक बार गौतम बुद्ध एक आम की बगिया के नीचे से गुजर रहे थे। तभी उन्हें एक ईंट आकर उनके सिर में लगी। सिर में से खून निकलने लगा। तभी जिन बच्चों ने आम तोड़ने के लिए ईंट फेंकी थी आ गये। उन्होंने सात के सिर खून निकलते देखा तो डर गये। ये देख बुद्ध की आँख से आँसू निकलने लगा। बच्चों ने उन्हें रोते देखा तो माफी माँगते हुए कहा कि हमने जानबूझकर ईंट नहीं मारी हमें माफ कर दीजिए। संत ने कहा मुझे चोट लगी है इसलिए नहीं रो रहा। मुझे दुख है तुम्हारी ईंट लगने पर मैं कुछ दे नहीं पा रहा जबकि यह ईंट पेड़ में लगती तो वह निश्चित ही तुम्हे आम देते।
यह थे सात के विचार। परंतु आज हम लड़ जाते हैं। मानवीय गुणों का लोप होता जा रहा है। लोग इसे किताबों तक सीमित रखना चाहते हैं। जबसे हमारी कथनी और करनी में अंतर हुआ हम नितांत भ्रमित हैं। बहुतों को गलत करके तत्काल विजयी होते देखकर खुद की मर्यादा से डगमगाने लगते हैं और उसी गलत का अनुसरण करने को उद्यत होते हैं। हमें अपने मौलिक पहचान को नहीं गँवाना चाहिए।
कहा भी गया है ----
"कहाँ राजा भोज कहाँ गंगू तेली।"
अटपटा किन्तु सत्य...

Saturday, November 10, 2018

राजनीतिक भाषा

आज का राजनीति का स्तर समझ से परे है। कुर्सी की कुत्सित इच्छा समाज को क्यों अधःपतन की ओर घसीट रही है । नेता हमारे समाज से ही जाते हैं तो हम वोटरों का कर्त्तव्य बन जाता है कि हम किसे चुनकर संसद में भेजे। परंतु यहाँ सबका अपना नजरिया है किसी को एक खाने में नहीं रखा जा सकता। सत्तर वर्ष से हम वोटर सिर्फ प्रयोगवाद पर ही लगे हैं। एक चीज जरूर उभर कर आई है छत्तीसगढ़ में जोगी का शपथपत्र में घोषणापत्र। ऐसे ही कानूनी घोषणा पत्र सब लिखकर दें। दस्तखत भी करें।
हाँ राजनीतिक दौर में एक दूसरे के प्रति घृणा का खुलकर गालियों में तब्दील हो जाना चिंता का विषय है। चुनाव मुद्दों पर लड़े जाय। आरोप प्रत्यारोप के झूठे प्रहारों के लिए कानून हो जो सख्ती से लागू हो तथा इसका त्वरित न्याय और सजा हो। लोगों को गुमराह करके सत्ता हथियाने वालों को सजा मिलनी चाहिए। जिस तरह से नेता एक दूसरे के प्रति अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं वह दिन दूर नहीं जब लोग पटकी पटका पर उतर आए।यह विषय गंभीर और चिंतनीय है। हम सबको इस पर जरूर विचार करना चाहिए। किसी पार्टी और समाज में न बँधकर बल्कि सम्पूर्ण नेता जाति पर सोचना होगा। विचारवान नेता स्वयं आगे आएं और इस महत्वपूर्ण विषय पर एक नियम नीति बनाएँ। यदि सुधार न हुआ तो सामाजिक पर्यावरण बिगड़ जाएगा।
लोग समझदार हैं पर सत्ता लोलुपता कहाँ न पहुँचा दे। इसीलिए यह भी आवश्यक है कि रोज रोज चुनाव न हो। चुनाव लड़ने वालों की योग्यता निर्धारित हो। और एक क्वालीफाइंग स्पीच होनी चाहिए जिसमें नेता न केवल अपनी वाक्कुशलता दर्शाए वरन् अपनी कार्य योजना रखें। यदि वह किये गये वादों को तय समय पर पूरा न करें तो उसे आगे से चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किया जाए। नेता भाषण देते समय पूरे होशोहवास में रहे। मीडिया भी किसी के प्रति बायस होकर बात न करे। यदि हो सके तो चुनाव आयोग अपना एक चैनल बना कर खबरें निष्पादित करे। नियम जरूरी है और उसका पालन उससे ज्यादा जरूरी है।
कहा भी गया है ---
"महाजनो येन गतः सः पंथः।"

Tuesday, October 16, 2018

चिंतन

विचारों का संकलन जरूरी है। आज विचारों का भाव बहुत नीचे जा रहा है। समाज में वह भाव लुप्त सा हो गया है। हमें आज के परिवेश में यह देखना होगा कि हम चाहते क्या हैं और कर क्या रहे हैं। समाज में आने वाले नये बच्चों को हम किस रूप में देखना चाहते हैं? उनका स्वरूप जन्म स्थान और वातावरण के अनुसार बनता है अतः समाज के लिए कुछ छोड़े नहीं तो फिर बोया पेड़ बबूल का आम कहाँ से होय। वाली कहावत रह जायगी। छोटा स्वार्थ बड़े लाभ को नष्ट करता है।